बांदा में तापमान 47.4°C तक पहुंचा, कई जिलों में उष्ण लहर की चेतावनी

खबर (सी न्यूज भारत): कुशीनगर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में लू (उष्ण लहर) का असर तेज हो गया है और आगामी 27 अप्रैल तक इसके जारी रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, निचले क्षोभ मंडल में चल रही गर्म पछुआ हवाओं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी के चलते बांदा में अप्रैल महीने का रिकॉर्ड तापमान 47.4°C दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक तापमान है।

इसके अलावा मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, गाजीपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में लू की स्थिति देखी गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर बना रहेगा। साथ ही कुछ स्थानों पर गर्म रात (उष्ण रात्रि) होने की भी संभावना है। हालांकि 27 अप्रैल के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत होने की संभावना है, जो धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी।

इसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है और 28 अप्रैल से लू की स्थिति में राहत मिलने के आसार हैं। राजधानी लखनऊ में भी 26 और 27 अप्रैल के दौरान लू चलने की संभावना जताई गई है।

रिपोर्टर: राशिद बिल्लाह,

सी न्यूज भारत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.