छेड़खानी का विरोध करने पर महिला से मारपीट, लूटपाट का आरोप केस
कुशीनगर : पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर छेड़खानी, अश्लील मैसेज भेजने तथा विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जाच की जा रही है।
पटहेरवा के एक गांव निवासी महिला ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसका पति रोजगार के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता है। इसी दौरान गांव का एक युवक उस पर बुरी नजर रखता था और मोबाइल पर अश्लील संदेश व फोन कर परेशान करता था।
महिला का आरोप है कि 17 अप्रैल 2021 को खेत जाते समय आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की थी, जिसकी शिकायत गांव के लोगों और थाने पर की गई थी। इसी रंजिश को लेकर 23 अप्रैल 2021 को सुबह करीब 10 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार जान बचाने के लिए वह घर में भागी तो आरोपित भी घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपित मोबाइल छीनने के साथ घर में रखे रुपये और सामान भी उठा ले गए।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पटहेरवा थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश के आधार पर महेंद्र,सबिता,धर्मेंद्र नयन,दीनानाथ पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

No Previous Comments found.