अर्जुन डुमरी गांव में मजदूर का शव पेड़ से लटका मिला, परिवार में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कुशीनगर - हाटा कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन डुमरी गांव में शनिवार सुबह एक मजदूर का शव घर के बाहर नीम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।  मृतक की पहचान अर्जुन डुमरी निवासी 45 वर्षीय रामनिवास पुत्र बिंदेश्वरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामनिवास शुक्रवार को रोज की तरह मजदूरी करके घर लौटे थे। रात में उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया और सो गए। शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब उनकी बेटी घर के बाहर निकली तो उसने दरवाजे के सामने नीम के पेड़ से पिता का शव लटका देखा। बेटी की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची हाटा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर  रामनिवास अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। इसमें तीन बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। सबसे छोटे बेटे की अभी शादी नहीं हुई है। रामनिवास तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दोनों भाई रोजी रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं।  

मृतक के पिता बिंदेश्वरी ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। पत्नी ने भी बताया कि परिवार गरीबी में जीवन बिता रहा है और घर में खाने तक की दिक्कत रहती है। शुक्रवार शाम तक घर में किसी तरह की असामान्य बात नहीं थी। परिवार इसे आत्महत्या का मामला मान रहा है। हालांकि गांव में कुछ लोग घटना से पहले परिवार में किसी बात को लेकर विवाद होने की चर्चा कर रहे हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हाटा कोतवाल दीपक सिंह ने बताया कि अर्जुन डुमरी गांव में एक व्यक्ति के अपने ही घर के सामने नीम के पेड़ से लटकने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन मृत्यु के सही कारण का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

रिपोर्टर - सत्यनारायण 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.