एक मंडप...142 शादियां! हाटा में गूंजी शहनाइयां, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनी खुशियों का उत्सव

कुशीनगर :  हाटा में रविवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां एक ही छत के नीचे 142 जोड़े हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। शहनाइयों की गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की रस्मों के बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

हाटा नगर स्थित सेलिब्रेशन मैरेज हॉल रविवार को खुशियों के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 134 हिंदू और 8 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 142 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। विवाह की सभी रस्में धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराई गईं। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती रही।
समारोह के मुख्य अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों को सम्मान देने के साथ-साथ परिवारों के आर्थिक बोझ को भी कम कर रही है।
हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराया गया। समाज कल्याण विभाग और प्रशासन ने विवाह स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं, जिससे समारोह व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में विधायक मोहन वर्मा ने सभी 142 नवदम्पतियों के सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

रिपोर्टर : सत्यनारायण चौरसिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.