शहीद कैप्टन अमर सिंह के परिजनों का सम्मान, घर पहुंचकर की आत्मीय भेंट
कुशीनगर - शहीद परिवार के घर पहुंचकर किया सम्मान, कैप्टन अमर सिंह के परिजनों से की आत्मीय भेंट
हाटा। स्वतंत्रता दिवस की पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे “शहीद एवं युद्धवीर परिवार के घर भेंट” अभियान के तहत हाटा विधानसभा क्षेत्र में वीर शहीदों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद हाटा के वार्ड नंबर-2 बखराबाद स्थित वीर शहीद कैप्टन अमर सिंह के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से आत्मीय भेंट की गई और उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कैप्टन अमर सिंह के राष्ट्र के प्रति समर्पण, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। शहीद परिवार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा गया कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीर जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसके कारण आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पूरे समाज का नैतिक दायित्व है। वीर जवानों की गौरवगाथा और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहीद एवं युद्धवीर परिवारों के घर पहुंचकर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करना और समाज में उनके सम्मान को और मजबूत करना है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कैप्टन अमर सिंह के परिवार से मुलाकात कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष मुंशी सिंह, पूर्व प्रधान तेज बहादुर सिंह, अर्जुन गुप्ता, अनुराग कुशवाहा, राकेश सिंह, विद्या बरनवाल, राकेश शुक्ला और हरेंद्र राव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वीर शहीद कैप्टन अमर सिंह को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया और शहीद परिवार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
रिपोर्टर - सत्यनारायण
No Previous Comments found.