विधायक मोहन वर्मा ने किया विवाह भवन का भूमिपूजन, ग्रामीणों में खुशी की लहर
कुशीनगर - मोतीचक विकासखंड अंतर्गत ग्रामसभा सितुहिया पोखरभिंडा एवं ग्रामसभा तेलगावा में विधायक निधि वर्ष 2026-27 से बनने वाले विवाह भवन का रविवार को विधायक श्री मोहन वर्मा ने विधि-विधान पूर्वक भूमिपूजन किया। जैसे ही निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई, मौके पर मौजूद ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह, सामाजिक एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी जरूरत को देखते हुए विधायक निधि से विवाह भवन का निर्माण कराया जा रहा है। भवन तैयार होने के बाद गांव एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को मांगलिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे लोगों को आयोजन के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि हाटा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पुलिया, सामुदायिक भवन और विवाह भवन सहित जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलें तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजनाएं तैयार की जा रही हैं। आने वाले समय में भी हाटा विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
वहीं ग्रामीणों ने विवाह भवन के निर्माण को गांव के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया। ग्रामीणों का कहना था कि मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विधायक निधि से निर्माण कार्य की शुरुआत होने से ग्रामीणों में खुशी है। कार्यक्रम में भाजपा नेता श्री संजय सिंह मुन्ना, प्रधान प्रतिनिधि श्री गौतम सिंह, प्रधान तेलगावा श्री प्रदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रपाल कन्नौजिया, श्री मुंशी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक मोहन वर्मा ने सभी ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है। हाटा विधानसभा क्षेत्र में विकास और जनसेवा का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्टर - सत्यनारायण
No Previous Comments found.