बिजली के पोल से टकराकर पलटा प्लाई लदा ट्रेलर, दुकानदार बाल-बाल बचे

कुशीनगर - पटहेरवा-तुर्कपट्टी मार्ग पर करमैनी के पास मंगलवार शाम करीब तीन बजे प्लाई लेकर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के दौरान ट्रेलर एक सैलून की दुकान पर जा गिरा। गनीमत रही कि दुकान में मौजूद दो दुकानदार समय रहते भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर हरियाणा से प्लाई लेकर तुर्कपट्टी क्षेत्र के किसी गांव में जा रहा था। करमैनी के पास पहुंचते ही ट्रेलर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर से खंभा टूट गया और बिजली के तारों में चटचटाहट होने लगी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही लाइनमैन सुग्रीव कुशवाहा ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करा दी। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना था कि समय रहते बिजली काटे जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रिपोर्टर - सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.