भाई को राखी बांधने आई 60 वर्षीय महिला का शव तीन दिन बाद पोखरे में मिला
कुशीनगर : तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के भेलया गांव में अपने भाइयों को राखी बांधने आई 60 वर्षीय महिला का शव तीन दिन बाद सोमवार की शाम पटहेरवा थाना क्षेत्र के डीह करमैनी गांव स्थित पोखरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान तमकुही थाना क्षेत्र के शिवसरया गांव निवासी शिवानंद कुशवाहा की पत्नी मतीरानी देवी के रूप में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार मतीरानी देवी बीते बृहस्पतिवार की शाम अपने नाती के साथ भेलया गांव निवासी अपने भाई बुधन कुशवाहा के घर राखी बांधने पहुंची थीं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने बुधन,सुगन,व तुलसी चारों भाइयों को राखी बांधी। इसके बाद शुक्रवार की शाम वह बिना किसी को बताए घर से निकल गईं। परिजनों को लगा कि वह किसी दूसरे भाई के घर गई होंगी। एक दिन बीतने के बाद भाइयों ने अपने बहनोई शिवानंद कुशवाहा से फोन पर जानकारी ली, लेकिन रानी देवी के वहां भी नहीं होने की जानकारी मिलने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद तुर्कपट्टी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
सोमवार को डीह करमैनी गांव के कुछ लोग पोखरे के पास टहलने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पोखरे में पड़े महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पटहेरवा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान रानी देवी के रूप में की।
पटहेरवा थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पति शिवानंद कुशवाहा ने बताया कि रानी देवी का करीब डेढ़ वर्ष से दवा चल रहा था और उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड
No Previous Comments found.