दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप

गला दबाकर हत्या की कोशिश का भी आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती; भाई ने थाने में दी तहरीर

नेबुआ नौरंगिया (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के ढोलहां मुसहरी गांव में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता के साथ कथित जानलेवा मारपीट का मामला सामने आया है।

पीड़िता के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से प्रताड़ित करने और सात नवंबर को घर में बंद कर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल विवाहिता का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पीड़िता के भाई ने थाना नेबुआ नौरंगिया में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम टेढ़ी निवासी अमीर अंसारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनकी बहन हाजरा खातून की शादी जियाउल्लाह उर्फ रेहान निवासी ढोलहां मुसहरी से हुई है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और ननद अतिरिक्त दहेज एवं रुपये की मांग को लेकर हाजरा को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए जाते थे। कई-कई दिनों तक भोजन नहीं दिया जाता था और कमरे में बंद कर बाहर निकलने से रोका जाता था। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

तहरीर के अनुसार, सात नवंबर को पति जियाउल्लाह उर्फ रेहान, ननद राबिया खातून, ससुर अतीउल्लाह और सास ने कथित रूप से एक राय होकर घर का दरवाजा बंद कर हाजरा के साथ मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसके सिर, पीठ, पेट और कमर पर कई वार किए गए। इतना ही नहीं, बार-बार गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया।

परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद 108 एंबुलेंस से घायल हाजरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेबुआ नौरंगिया पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता के भाई ने पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और बहन को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर पीड़ित परिवार की निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्टर, राशिद बिल्लाह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.