बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से मोहा मन, प्रतिभाओं को मिली सराहना डॉ,शक्ति प्रकाश पाठक
कुशीनगर - गुरवलिया बाजार स्थित एसपी पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं खेलकूद प्रतियोगिता सप्ताह का समापन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजक मंडल ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य डॉ. शक्ति प्रकाश पाठक ने कहा कि खेलकूद जहां शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, वहीं इससे बच्चों का मानसिक एवं बौद्धिक विकास भी होता है। शिक्षा के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान अनुष्का, काजल ठाकुर, संदेश तिवारी, भावना, शिफा और आयुष सहित अन्य विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ट्रस्टी नवेंदु शेखर पाठक, प्रधानाचार्य विनीत मणि त्रिपाठी, शिक्षक अभय राज सिंह, राजकपूर, संदीप सिंह, गौरी तिवारी, रिंकी चौहान, प्रियंका जायसवाल एवं शुभम मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इमरान एवं अतुल तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में डायरेक्टर आदित्य विशाल पाठक ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर - सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

No Previous Comments found.