क्या आपको बिस्तर पर जाते ही नींद आ जाती है? यह हो सकता है किसी गंभीर समस्या का संकेत
ESHITA
क्या आपको बिस्तर पर जाते ही नींद आ जाती है? यह हो सकता है किसी गंभीर समस्या का संकेत...
नींद हमारे शरीर और दिमाग के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यह न सिर्फ शरीर को आराम देती है, बल्कि उसे रिस्टोर भी करती है। जब हम सोते हैं, तो हमारा शरीर ऊर्जा को फिर से भरता है, कोशिकाओं की मरम्मत करता है और मस्तिष्क में संग्रहीत जानकारियों को प्रोसेस करता है। नींद के दौरान हृदय गति और श्वसन दर धीमी हो जाती है, मांसपेशियां आराम करती हैं और दिमाग की सोचने-समझने की प्रक्रिया भी धीमी हो जाती है।
कुछ लोग ऐसे होते हैं जिन्हें बिस्तर पर लेटते ही तुरंत नींद आ जाती है, जबकि कुछ को सोने में काफी समय लगता है। हाल ही में हुई एक स्टडी के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को 5 मिनट या उससे भी कम समय में नींद आ जाती है, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, बहुत जल्दी नींद आ जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि व्यक्ति को पर्याप्त नींद नहीं मिल रही है या उसकी नींद की गुणवत्ता खराब है।
कितनी देर में नींद आना सामान्य माना जाता है?
स्लीप हेल्थ फाउंडेशन के अनुसार, 18 से 64 वर्ष की आयु के वयस्कों के लिए हर रात 7 से 9 घंटे की नींद जरूरी होती है। हालांकि, यह हमेशा संभव नहीं हो पाता, और कई लोग पर्याप्त नींद से वंचित रह जाते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक,
5 मिनट से कम समय में नींद आना – यह नींद की कमी या किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
5 से 20 मिनट में नींद आना – यह सामान्य और हेल्दी नींद मानी जाती है।
20 से 30 मिनट से अधिक समय लगना – यह अनिद्रा (इंसोम्निया) का संकेत हो सकता है।
नींद की कमी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं -
लगातार अच्छी नींद न लेने से कई शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जैसे-हृदय रोग,स्ट्रोक,मोटापा,हाई ब्लड प्रेशर,डिप्रेशन और एंग्जाइटी,अल्जाइमर आदि |
अगर आपको बहुत जल्दी नींद आ जाती है या सोने में ज्यादा समय लगता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। जरूरत पड़ने पर किसी विशेषज्ञ से सलाह लें।
क्या कारण हैं जो नींद को प्रभावित करते हैं?
नींद न आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें शामिल हैं:
शोर और रोशनी – रात में तेज आवाजें, मोबाइल या टीवी स्क्रीन से निकलने वाली रोशनी नींद में रुकावट पैदा कर सकती है।
तनाव और चिंता – यदि आप किसी घटना को लेकर परेशान हैं, तो यह आपकी नींद पर असर डाल सकता है।
नशे की आदतें – शराब, धूम्रपान और अन्य नशे वाली चीजें नींद की गुणवत्ता को खराब कर सकती हैं।
शारीरिक सक्रियता की कमी – अगर आप दिनभर ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी नहीं करते हैं, तो भी आपकी नींद प्रभावित हो सकती है।
नींद की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्या करें?
सोने और जागने का एक नियमित समय तय करें।
सोने से पहले मोबाइल, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूर रहें।
सोने के लिए एक शांत और अंधेरा वातावरण बनाएं।
कैफीन और नशे से दूर रहें।
रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें।
अगर आपको लगातार नींद से जुड़ी समस्याएं हो रही हैं, तो इसे हल्के में न लें और किसी विशेषज्ञ से सलाह लें। अच्छी नींद सेहत के लिए उतनी ही जरूरी है जितना अच्छा खाना और एक्सरसाइज।

No Previous Comments found.