नन्हे-मुन्नों ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
मोहम्मदी-खीरी : उमा देवी चिल्ड्रेन्स एकेडमी के किड्स सेक्शन के नन्हे विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन पर्व को अनूठे और प्रेरणादायी अंदाज में मनाते हुए विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पेड़-पौधों को राखियां बांधीं। बच्चों ने कचहरी सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर वृक्षों एवं पौधों को राखी बांधी और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन किड्स सेक्शन की कोऑर्डिनेटर नंदिनी पांडेय, सूफिया खान एवं राखी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को रक्षाबंधन के पवित्र पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भाव समझाना था।
नन्हे विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों को अपना रक्षासूत्र बांधते हुए संकल्प लिया कि वे वृक्षों की रक्षा करेंगे, उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करेंगे। बच्चों ने अपने इस प्रयास के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि प्रकृति भी हमारे परिवार का हिस्सा है और उसकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री सनी गुप्ता एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पुष्पा गुप्ता ने बच्चों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना आवश्यक है। जब बच्चे प्रकृति के साथ भावनात्मक संबंध स्थापित करते हैं, तो उनमें उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वतः विकसित होती है।
कार्यक्रम में अनंत सक्सेना, हुसैन फारूकी, शगुन सिंह, अक्षिता सिंह, एकम सिंह, अविरल सिंह, अक्षिता अवस्थी, शगुफ्ता खानम, आद्रिका शुक्ला, अयांश गुप्ता, श्रेयांश भारद्वाज, शिवांश, ओम्या शुक्ला, वेदिका रस्तोगी, मरश्यांदी तिवारी, इरा सिंह, इब्राहिम एवं अर्थव प्रजापति ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों की यह पहल न केवल पर्व की भावनात्मक भावना को दर्शाती नजर आई, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती रही। नन्हे हाथों से पेड़ों को बांधी गई राखियां इस संकल्प का प्रतीक बनीं कि “वृक्षों की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।”
रिपोर्टर : अतुल मिश्रा
No Previous Comments found.