दीपोत्सव कार्यक्रम कन्या प्राथमिक विद्यालय कुम्हैड़ी में धूमधाम से मनाया गया

ललितपुर : दीपावली के शुभ अवसर पर कन्या प्राथमिक विद्यालय कुम्हैड़ी में दीपोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी रंगोलियों, दीपों और फुलझड़ियों से सजाया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगोलियां बनाई, दीप प्रज्वलित किए और फुलझड़ियाँ जलाकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रियंका जैन ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि दीपावली का पर्व कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि यह वही दिन है जब भगवान श्रीराम लंका विजय के उपरांत अयोध्या लौटे थे और नगरवासियों ने दीप प्रज्वलित कर उनका स्वागत किया था।
रिंकी असाटी ने कहा कि पौराणिक कथाओं के अनुसार दीपावली का संबंध भगवान कृष्ण द्वारा राक्षस नरकासुर के वध से भी जुड़ा है। नरकासुर के नाश के उपरांत भगवान कृष्ण ने इस दिन को उत्सव के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
सुनीता सेन ने बच्चों से अपील की कि वे दीपावली का पर्व शांति और उत्साहपूर्वक मनाएँ तथा पटाखों जैसे विस्फोटक पदार्थों से दूर रहें, जिससे सभी सुरक्षित रहें।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रियंका जैन ने विद्यालय के समस्त अध्यापक-स्टाफ एवं रसोइयों को उपहार स्वरूप स्टील के बर्तन सेट (गिलास, जग सेट) एवं मिष्ठान प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को भी मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उमाशंकर नामदेव, अभिभावकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सौम्या एवं अंजली कौशिक ने संयुक्त रूप से किया। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति सीता यादव ने आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : ऋषि तिवारी
No Previous Comments found.