भौरट बांध क्षेत्र के सर्किल रेट में हुई त्रुटि सुधार की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
ललितपुर - तहसील महरौनी के भौरट बांध क्षेत्र के ग्रामों के सर्किल रेट में हुई त्रुटि को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच कराते हुए सुधार की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि भौरट बांध क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सतलिंगा, भौरट, गुमची, बैरा, छपरट, महरौनी, सकरौनी सहित कई गांवों का सर्किल रेट वर्ष 2014 तक एक समान था और सिंचाई विभाग द्वारा भी भूमि का मूल्यांकन उसी आधार पर किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2015 के बाद कुछ गांवों जैसे लैलवारा, गुरवारा, बनौनी, भरौनी और गंगचारी का सर्किल रेट बढ़ा दिया गया, जबकि अन्य गांवों का रेट कम कर दिया गया। इससे क्षेत्र के किसानों और जमीन मालिकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि भौरट बांध क्षेत्र के सभी गांवों के सर्किल रेट की निष्पक्ष जांच कराकर वर्ष 2014 के अनुसार समान दर लागू की जाए, ताकि ग्रामीणों के साथ अन्याय न हो। इस दौरान ज्ञापन पर जगदीश सिंह (जिला मंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष) सहित कई ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की। तिलक सिंह,राजकुमार,विक्रम सिंह,देव सिंह,सुरेन्द्र,मंगल पटेल,वीरन पाल,विक्रम,रामसेवक,दीपक,ललित,होशियार सिंह, नारायण,प्रदीप सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर - ऋषि तिवारी

No Previous Comments found.