अंजनी माता मेले की तैयारियों को मिला अंतिम रूप
ललितपुर : मां अंजनी मेले के आयोजन की तैयारी को लेकर सोमवार को तहसील सभागार में प्रशासन व प्रबंध समिति की बैठक हुई। तैयारियों पर चर्चा करते हुए मेले की रूपरेखा तैयार कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसील महरौनी क्षेत्र के ग्राम कुमेंहडी के पास स्थित अंजनी माता मंदिर प्रांगण में 1 अप्रैल से चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर प्रारंभ होने वाला मेला महोत्सव दिन-रात एक सप्ताह तक अनवरत चलेगा। मेले में दूर-दराज के दुकानदारों के साथ सर्कस, झूले सहित कई धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेले में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के लिए तहसीलदार भानु प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, प्रबंध समिति एवं नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में मेले के दौरान पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती, संभावित आगजनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को सौंपी गई है, जबकि चिकित्सा विभाग को मेले की अवधि तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट और अनियमितताओं पर नजर रखने को कहा गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क के दोनों ओर गड्ढों को अतिशीघ्र भरने तथा पेयजल और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खोया-पाया केंद्र स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह, एसडीओ विद्युत, एसडीओ पंचायत, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, दिनेश विदुआ, मुकेश श्रीवास्तव, संतोष निरंजन, धनीराम टिकरिया, ग्राम प्रधान प्रकाश नारायण निरंजन, संतोष पटेल, नारायण सिंह, बृजभूषण दीक्षित, बलराम निरंजन, धनीराम मुड़िया, रवि रजक सहित पत्रकार सूर्यकांत त्रिपाठी, जितेन्द्र तिवारी, संजय भौडेले, आनंद त्रिपाठी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : ऋषि तिवारी


No Previous Comments found.