डोंगरा पंचायत में अधूरी सीसी रोड से ग्रामीण परेशान, निर्माण पूरा कराने की मांग

 बिरधा :  डोंगरा ग्राम पंचायत में आरईएस (ग्रामीण अभियंत्रण सेवा) द्वारा बनाए जा रहे सीसी रोड निर्माण कार्य के अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराज़गी व्याप्त है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 700 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया गया, लेकिन करीब 50 मीटर हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। अधूरे पड़े इस हिस्से के कारण आगे का रास्ता काफी खराब हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से होकर गांव के तीन मंदिरों तक जाना पड़ता है। खराब रास्ते की वजह से श्रद्धालुओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा राहगीरों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया, जबकि केवल लगभग 50 मीटर सड़क बनना बाकी है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से मांग की है कि अधूरे पड़े सीसी रोड निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और मंदिर आने-जाने वालों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

रिपोर्टर : जितेंद्र सिंह पवाँर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.