प्रमाणपत्र पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे, अब आसानी से बन सकेंगे आधार कार्ड

ललितपुर :  महरोनी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव विशेष जनकल्याणकारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विकास खंड महरोनी की ग्राम पंचायत पडवां में खंड विकास अधिकारी आजम अली की अध्यक्षता में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ललितपुर के निर्देशानुसार सहरिया समुदाय के उन बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जिनके आधार कार्ड नहीं बन पाने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस अवसर पर 21 बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त कर बच्चों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

चौपाल में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया। ग्रामीणों ने सहरिया बस्ती सहित गांव के अन्य मोहल्लों की नालियों की वर्षा ऋतु से पूर्व सिल्ट सफाई कराने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि खुमान सहरिया एवं दरयाव सहरिया लकवा से ग्रसित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हो चुके हैं। उनके लिए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कराने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब लकवाग्रस्त दरयाव की पत्नी अपने पति को कंधे का सहारा देकर चौपाल में पहुंची और अपनी पीड़ा सुनाते हुए रो पड़ी। उसने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरोनी में आयुष्मान कार्ड संशोधन न होने के कारण उसके पति का उपचार प्रभावित हो रहा है।
वहीं गुड्डी सहरिया ने अपनी पुत्री के विवाह का निमंत्रण पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए विवाह अनुदान दिलाने की मांग की। उन्होंने श्रम विभाग में पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। इस पर खंड विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी हंसराज सिंह, ग्राम रोजगार सेवक अवधेश दुबे, प्रधान प्रतिनिधि सोनूराजा, सोशल ऑडिट ब्लॉक कोऑर्डिनेटर धनीराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 

रिपोर्टर : ऋषि तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.