स्व. शौर्य जीत सिंह बुंदेला की प्रथम पुण्यतिथि पर देवदूत फाउंडेशन का शुभारंभ, मानव सेवा का लिया संकल्प

बिरधा  : स्वर्गीय शौर्य जीत सिंह बुंदेला की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को बिरधा में श्रद्धांजलि सभा एवं जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर "देवदूत फाउंडेशन, बिरधा" की स्थापना की घोषणा की गई। कार्यक्रम का आयोजन शांति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में स्व. शौर्य जीत सिंह बुंदेला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। आयोजकों ने कहा कि "पुण्यात्मा की स्मृति में मानव सेवा ही सबसे उत्तम श्रद्धांजलि है", इसी उद्देश्य के साथ देवदूत फाउंडेशन समाजहित में विभिन्न सेवा कार्य संचालित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति जनजागृति, स्वास्थ्य जांच शिविर, अंगदान एवं नेत्रदान जागरूकता, रक्तदान के प्रति प्रेरणा तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

समारोह की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिरधा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ छत्रपाल सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्साधिकारी ललितपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजन में जिला प्रशासन एवं समाजसेवियों का भी सहयोग रहा।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्व. शौर्य जीत सिंह बुंदेला को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके सपनों को याद करते हुए सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

रिपोर्टर : जितेन्द्र सिंह पवाँर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.