विकसित संकल्प अभियान के तहत बिरधा में बहु-विभागीय मेले का आयोजन, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा रहे शामिल
बिरधा (ललितपुर) : केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खण्ड बिरधा में विकसित संकल्प अभियान के अंतर्गत एक विशाल जन-जागरूकता एवं सेवा मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा उपस्थित रहे। विधायक ने मेले का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
मेले में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, ई-श्रम विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, कौशल विकास मिशन, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं जानकारी केंद्र स्थापित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता संबंधी जानकारी दी गई, जबकि बाल विकास विभाग ने महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। ई-श्रम विभाग ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण एवं लाभों के बारे में बताया।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, टीकाकरण एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों एवं कृषि से संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। कौशल विकास विभाग ने युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि केन्द्र सरकार के 12 वर्षों में जनहित की अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मोहित निरंजन,खण्ड विकास अधिकारी इरशाद अहमद,चिकित्सा अधीक्षक डॉ छत्रपाल सिंह,पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सन्दीप कौशल,कृषि अधिकारी रामलखन सिसोदिया,विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, किसान, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : जितेन्द्र सिंह पवाँर
No Previous Comments found.