बिरधा विकास खण्ड मुख्यालय परिसर में लगा कचरे का ढेर, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
ललितपुर : स्वच्छता को लेकर सरकार द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर इन प्रयासों का असर दिखाई नहीं देता। ऐसा ही एक मामला बिरधा विकास खण्ड मुख्यालय से सामने आया है, जहां मुख्यालय परिसर के अंदर ही कचरे का ढेर लगा होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार विकास खण्ड कार्यालय परिसर में लंबे समय से कचरा एकत्रित हो रहा है। नियमित सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था न होने के कारण परिसर में गंदगी फैल रही है। कचरे के ढेर से दुर्गंध उठने के साथ-साथ मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। मुख्यालय में प्रतिदिन विभिन्न गांवों से आने वाले ग्रामीण, जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर के भीतर फैली गंदगी आगंतुकों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। लोगों का कहना है कि जहां से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और स्वच्छता योजनाओं की निगरानी की जाती है, वहीं परिसर की यह स्थिति चिंताजनक है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से परिसर की तत्काल सफाई कराने, नियमित कचरा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र सिंह पवाँर
No Previous Comments found.