विदाई एवं सम्मान समारोह में राजकुमार पुरोहित का अभिनंदन, नवागत बीईओ नीतू वर्मा का हुआ स्वागत

ललितपुर - महरौनी पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौकी में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महरौनी विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी रहे राजकुमार पुरोहित के वरिष्ठ प्रवक्ता, डायट झांसी पद पर पदोन्नत होने पर उनका शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नीतू वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षिका सावित्री साहू को भी शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गत वर्ष कक्षा 8 में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को राजकुमार पुरोहित एवं नीतू वर्मा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। अपने संबोधन में वरिष्ठ प्रवक्ता राजकुमार पुरोहित ने कहा कि महरौनी ब्लॉक के शिक्षकों ने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके कारण विकासखंड शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नीतू वर्मा ने कहा कि वे अपने पूर्ववर्ती अधिकारी द्वारा स्थापित कार्य संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए महरौनी ब्लॉक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।

पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ललितपुर के जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी ने राजकुमार पुरोहित के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सदैव सकारात्मक सहयोग मिला। उन्होंने सभी शिक्षक संगठनों से एकजुट रहकर शिक्षा और शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, एआरपी, नोडल संकुल, राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह चौहान ने किया, जबकि अंत में पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक महेश चौहान ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - विकास 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.