विकासखंड अधिकारी बिरधा की शानदार पहल, अब गांव में ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान
ललितपुर : ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, साफ-सफाई, हैंडपंप मरम्मत सहित अन्य छोटी-छोटी समस्याओं के लिए विकासखंड कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए खण्ड विकास अधिकारी बिरधा श्री इरशाद अहमद ने महत्वपूर्ण कार्यालय आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार अब प्रत्येक ग्राम पंचायत सचिवालय पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पंचायत सहायक की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। ग्रामीण वहीं जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र एवं परिवार रजिस्टर की नकल के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे। जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 15 दिवस तथा परिवार रजिस्टर की नकल के लिए 3 दिवस की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
सचिव भी रोस्टर के अनुसार सचिवालय में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और शिकायतों का पंजिका में अंकन कर उनके निस्तारण की कार्रवाई करेंगे। ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, हैंडपंप मरम्मत, सामुदायिक शौचालय एवं RRC सेंटर को क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत सचिवालय पर संबंधित सचिवों के मोबाइल नंबर एवं BDO के CUG नंबर अंकित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्या के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
BDO बिरधा की इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट है—ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर सुविधा मिले और उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
यह जानकारी अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाएं, ताकि हर व्यक्ति अपने अधिकार और उपलब्ध सरकारी सुविधा की जानकारी रख सके।
रिपोर्टर : जितेन्द्र सिंह पवाँर
No Previous Comments found.