भरत गये चित्रकूट राम को मनाने भरत मिलाप और पंचवटी प्रवास की लीला देख भावुक हुये दर्शक
ललितपुर : श्री रामयश कीर्तन मंडली के तत्वाधान में चल रहे रामलीला महोत्सव के नौवें दिन भरत मिलाप और पंचवटी प्रवास की लीला का मंचन हुआ जिसे देखकर उपस्थित दर्शक भाव विभोर हो गये। रामलीला मंचन से पूर्व प्रतिदिन के आरतीकर्ताओं के क्रम में प्रथम आरती अखंड धाम आश्रम के महात्मा अघट युक्ति आनंद व चेतन युक्ति आनंद के प्रतिनिधि बृजेन्द्र सिंह पप्पू राजा, विपिन पांडेय के सुपुत्र कार्तिकेय पांडेय एवं संदीप साहू मड़ावरा ने उतारी। वहीं मध्यक्रम की आरती करने का सौभाग्य मनोहर लाल पंथ मन्नू कोरी , राज्यमंत्री उत्तरप्रदेश सरकार सहित अरविंद सिंह रजऊ राजा मैंगुवां प्रतिनिधि ब्लाक प्रमुख महरौनी और राजीव दुबे पूर्व प्रधान नैनवारा को प्राप्त हुआ। लीला मंचन के पहले दृश्य में भरत अपने पिता की मौत और राम के वनगमन का समाचार सुनते हैं तो शोक में डूब जाते हैं।सारे घटनाक्रम से अवगत होने के बाद भरत अपनी माता कैकेयी को काफी बुरा भला कहते हैं।
अगले दृश्य में भरत राजपाट को ठोकर मारकर श्रीराम को मनाने के लिये सभी अवधपुर वासियों सहित जंगल की ओर चल देते हैं।
चित्रकूट में राम और भरत का मिलाप होता है ।भरत ने राम को अपने पिता की मौत का समाचार सुनाया और तरह तरह से राम के समक्ष अयोध्या वापिस लौट चलने की विनय की गयी लेकिन राम ने अपने पिता की आज्ञानुसार 14 वर्ष की अवधि पूर्ण हुये बगैर अयोध्या वापिस लौटने से मना कर दिया।अंततः राम की चरण पादुकाएं अपने सिर पर रखकर भरत अयोध्या वापिस लौटते हैं और उन खडाऊं को राजगद्दी पर रखकर एक कार्यवाहक की तरह राजकाज में जुट जाते हैं।
अगले दृश्य में जयंत की कुटिलता के प्रसंग का सजीव मंचन किया गया। तत्पश्चात राम लक्ष्मण और सीता वन में विचरण करते हुये अनुसुइया, अत्रि, सरभंगा, सुतीक्षण, अगस्त आदि मुनियों से भेंट करके दण्डकवन को पवित्र करते हुये श्रीराम ,लक्ष्मण और सीता पंचवटी प्रवास करते हैं।
यहाँ नौवें दिवस की लीला को विराम मिलता हैं।
लीला मंचन में आदर्श उदैनिया, रुद्रांश भोंडेले , अथर्व चतुर्वेदी, डुग्गू गोस्वामी,उदय बिरथरे, सूर्या नायक, विवेक तिवारी, हर्ष तिवारी, बलराम परिहार, सूर्यकान्त त्रिपाठी, हरवंश रिछारिया, अनुज भोंडेले, भगवत भोंडेले, दिनेश राय , दिव्यांश खरे, सत्येन्द्र भर्ता, ओमकार सिंह, अखिलेश सोनी , देवांश तिवारी आदि ने सराहनीय अभिनय किया।
रिपोर्टर : ऋषि तिवारी

No Previous Comments found.