लातेहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट

लातेहार - सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे न्यायालय के सरकारी ई-मेल पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। ई-मेल प्राप्त होते ही न्यायालय प्रशासन ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी संजीव मिश्रा तथा थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा पुलिस बल के साथ तुरंत सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीम की मदद से कोर्ट परिसर के विभिन्न कक्षों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई।

पुलिस टीम ने न्यायालय के सभी कमरों, गलियारों और परिसर के कोने-कोने की जांच की, लेकिन जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटा हुआ है। धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है।

धमकी के बाद एहतियातन न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। लातेहार पुलिस अधीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कोर्ट परिसर की जांच भी कराई गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी झारखंड के रांची, धनबाद और बोकारो के सिविल कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। ऐसे मामलों को देखते हुए राज्यभर में न्यायालय परिसरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.