महुआ चुनने के लिए जंगल में लगाई आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के कोमर ग्राम स्थित जंगल में शनिवार को आग लग गई।हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे जंगल के बड़े हिस्से को नुकसान होने से बचा लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि महुआ चुनने के दौरान कुछ लोगों ने पेड़ों के नीचे गिरी सूखी पत्तियों को साफ करने के उद्देश्य से आग लगा दी थी। देखते ही देखते आग फैलकर भीषण रूप लेने लगी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो जंगल के बड़े हिस्से को भारी नुकसान हो सकता था। वही घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई थी। इस संबंध में वनपाल विजय शंकर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने कहा कि जंगल में लगने वाली आग से न केवल पेड़-पौधे नष्ट होते हैं, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी कम हो जाती है। इसके साथ ही छोटे-छोटे पौधों और वन्य जीव-जंतुओं को भी भारी नुकसान पहुंचता है। वनपाल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि महुआ चुनने के दौरान पेड़ों के नीचे पत्तियां साफ करने के लिए आग न लगाएं, ताकि जंगल और वन्य संपदा सुरक्षित रह सके।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.