विकास की नई राह पर चंदवा: सड़कों और पुलों से चमकेगा ग्रामीण इलाका : अमित गुप्ता

चंदवा : प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चतरा लोकसभा क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। कुल 127.69 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़कों (37.154 किमी) और 32 पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिलने के बाद चंदवा प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस योजना के अंतर्गत चंदवा प्रखंड की चार महत्वपूर्ण सड़कों को मंजूरी दी गई है, जिससे क्षेत्र की ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

स्वीकृत सड़कों में आरईओ रोड से चुटवाग परहैया टोला, एनएच-99 से दामोदर परहैया टोला, एनएच-75 से लतडाग तथा आरईओ रोड से सेरक सड़क शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से दूर-दराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

बताया गया कि इस संबंध में जानकारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भेजे गए पत्र के माध्यम से चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह को प्राप्त हुई है। इस महत्वाकांक्षी योजना से क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा नेता अमित गुप्ता ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना चंदवा के ग्रामीण इलाकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच और आसान होगी।

इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा नेता आदर्श रवि राज, मनोज पाठक, जागेश्वर गंझु, राजीव उरांव, प्रेम उरांव, निर्मल उरांव और सावन परहिया समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी सांसद के प्रति आभार जताया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.