अलविदा जुमा पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ
लातेहार : रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को जिलेभर की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अलविदा जुमा की नमाज अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की। इस मौके पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों की मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी एकत्रित हुए। नमाज के दौरान रोजेदारों ने मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी।
लातेहार स्थित करकट मस्जिद में भी अलविदा जुमा की नमाज पूरे धार्मिक उत्साह के साथ अदा की गई, जहां नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज के बाद मौलाना मुफ्ती मुदस्सिर आलम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रमजान की अहमियत, रोजे की फजीलत और इबादत की बरकतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना आत्मशुद्धि, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है, जिसे हर मुसलमान को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इसी के साथ जिले में ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर भी समय निर्धारित कर दिया गया है। लातेहार जामा मस्जिद में सुबह 9:00 बजे, करकट कादरी मस्जिद में 8:40 बजे तथा मिल्लत मस्जिद अमवाटीकर में 8:30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। वहीं चंदवा प्रखंड में मदीन मस्जिद में 8:30 बजे, फातमा मस्जिद में 9:00 बजे और जामा मस्जिद में 9:30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।
प्रशासन द्वारा भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मना सकें।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.