बरवाडीह बस स्टैंड में दुकानों के निर्माण की तैयारी, विस्थापितों को मिलेगा पहला हक

बरवाडीह : बरवाडीह बस स्टैंड परिसर में नई दुकानों के निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। शनिवार को उप विकास आयुक्त के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज ने चिन्हित दुकानदारों के साथ बैठक कर योजना की जानकारी दी। बैठक में जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू सहित कई लोग मौजूद थे। बीडीओ ने बताया कि बस स्टैंड में जिला परिषद फंड से दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। आवंटन में पहले उन दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पूर्व में यहां से विस्थापित हुए थे। लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिन्हें पहले किसी सरकारी दुकान योजना का लाभ नहीं मिला है और जो प्रखंड क्षेत्र के निवासी हैं। चयनित लाभुकों को निर्माण कार्य शुरू होने से पहले एक लाख रुपये जमा करने होंगे, जबकि शेष राशि जिला परिषद मद से खर्च की जाएगी। जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि पुराने नियमों में कई जरूरतमंद लोग वंचित रह जाते थे। अब नए प्रावधानों के तहत वास्तविक विस्थापितों को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक-दो महीने में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हालांकि बैठक के बाद भी कई सवाल बने हुए हैं। एक लाख रुपये जमा करने के बाद आगे की प्रक्रिया, अतिरिक्त राशि, निर्माण की समय- सीमा और आवंटन की पारदर्शिता पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पूर्व में दुकानदारों से 10,500 रुपये ड्राफ्ट के माध्यम से जमा कराए गए थे। कुछ लोगों ने राशि वापस ले ली, लेकिन सभी आवेदकों को पैसा लौटा या नहीं, यह अब भी स्पष्ट नहीं है।

व्यवसायिक संघ ने उठाई पारदर्शिता की मांग

संघ अध्यक्ष दीपक राज ने कहा कि पहले भी दुकानदारों को आश्वासन के बाद निराश होना पड़ा है। इस बार पूरी प्रक्रिया लिखित रूप में सार्वजनिक की जाए, ताकि बाद में किसी तरह का विवाद न हो। अन्यथा व्यवसायिक वर्ग आंदोलन को बाध्य होगा।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.