कांग्रेस का एक दिवसीय बीएलए प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
बालूमाथ : हेरहंज प्रखंड मुख्यालय में कांग्रेस प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में हेरहंज, बालूमाथ एवं बरियातू प्रखंडों के बीएलए बूथ लेवल एजेंट का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना तथा कार्यकर्ताओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह उपस्थित रहे. साथ ही जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव, जिला उपाध्यक्ष मोतिउर्रहमान, सेवादल जिलाध्यक्ष बिंदेश्वर यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रशिक्षक रविंद्र राम और विश्वनाथ पासवान ने किया. जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान ने की. प्रशिक्षण के दौरान बीएलए कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने बताया कि एसआईआर में बीएलए को कैसे सतर्क रहना है वह बताया गया. साथ साथ उन्हें छूटे हुए वोटर को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से पुनः जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया. कार्यकर्ताओं को फॉर्म 6 ,7,8 एवं अन्य आवश्यक प्रपत्र के बारे में विस्तार से बताया गया. अपने संबोधन में विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को बूथ स्तर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पंचायत और हर बूथ तक पहुंचकर आम लोगों से संवाद स्थापित करें तथा उन्हें पार्टी की विचारधारा और राज्य में चल रही महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं. जिलाध्यक्ष कामेश्वर यादव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संगठन में बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. चुनावों में जीत-हार काफी हद तक उनके कार्य और सक्रियता पर निर्भर करती है, इसलिए संगठन को मजबूत बनाने के लिए बीएलए को सशक्त और प्रशिक्षित करना बेहद जरूरी है. कार्यक्रम के दौरान बालूमाथ, बरियातू और हेरहंज के प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया. कार्यक्रम का संचालन बरियातू प्रखंड अध्यक्ष रिगन कुमार एवं बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष मो आमिर हयात ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.