स्कूल में मौत बनकर दौड़ी आग! गैस पाइप में लगी लपटें, बच्चों के बीच मची अफरा-तफरी

लातेहार : लातेहार जिले के मोंगर पंचायत स्थित हरखा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिड डे मील बनाने के दौरान गैस चूल्हे के पाइप में अचानक आग लग गई। कुछ देर के लिए स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो सैकड़ों बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में हर दिन की तरह मिड डे मील रसोईया ममता देवी भोजन बनाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान गैस चूल्हे से जुड़ा पाइप अचानक निकल गया और उसमें आग लग गई। आग की तेज लपटें उठते देख रसोईया जान बचाकर वहां से भागीं। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रिका यादव ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है।
रसोईया ममता देवी ने पत्रकारों को बताया कि गैस पाइप खराब होने और ढीला रहने की शिकायत वे पिछले कई महीनों से प्रधानाध्यापक से करती आ रही थीं। उन्होंने कहा कि पाइप में वॉशर लगाकर उसे ठीक कराने की मांग बार-बार की गई, लेकिन हर बार इसे नजरअंदाज कर दिया गया।
ममता देवी ने यह भी खुलासा किया कि स्कूल में दाल बनाने वाले कुकर की सीटी भी पिछले करीब 9 महीनों से खराब है। मजबूरी में रोज दूसरे घर से कुकर की सीटी मांगकर खाना बनाया जाता है और बाद में वापस कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं इस मामले में प्रधानाध्यापक चंद्रिका यादव ने कहा कि रसोईया ने उन्हें सूचना दी थी कि गैस पाइप में आग लग गई है। उन्होंने माना कि पाइप वॉशर से ठीक तरह टाइट नहीं होने के कारण यह घटना हुई।घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने शिक्षा विभाग से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.