सड़क नहीं तो आंदोलन होगा: केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

लातेहार : लातेहार में केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक जर्जर सड़क निर्माण की मांग अब तेज आंदोलन का रूप लेने लगी है। खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो हजारों लोग सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे।

ग्रामीणों ने उपायुक्त लातेहार को आवेदन सौंपते हुए बताया कि केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक जाने वाली सड़क वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भयावह हो जाती है। एंबुलेंस तक गांवों में पहुंचने में दिक्कत होती है, जबकि स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि सड़क निर्माण की निविदा प्रक्रिया पूरी कर अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी करने की अपील भी की गई है।

ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि यदि जल्द निर्माण कार्य चालू नहीं हुआ तो वे सड़क पर बैठकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इलाके में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.