लातेहार वन विभाग में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, डीएफओ पर झाविस नेता ने खोला मोर्चा

लातेहार : वन विभाग एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। झारखंड विकास समिति (झाविस) के नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने वन विभाग के सचिव, झारखंड सरकार रांची को पत्र लिखकर लातेहार के वर्तमान डीएफओ पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की अनियमितता का आरोप लगाया है।

रवि कुमार डे ने अपने पत्र में कहा है कि वर्तमान डीएफओ द्वारा रिटायर रेंजर तरुण सिंह को बालूमाथ का अतिरिक्त प्रभार देकर करोड़ों रुपये की लूट करवाई गई और उसमें हिस्सेदारी ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च 2026 में तरुण सिंह को अतिरिक्त प्रभार देना अपने आप में बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।

उन्होंने कहा कि तरुण सिंह के पीटीआर क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार संभालने के बाद से स्थानीय जनता लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है, जो अब तक जारी है। आरोप है कि यह पूरा मामला करोड़ों रुपये की अवैध वसूली और वित्तीय लाभ से जुड़ा हुआ है।

रवि कुमार डे ने पत्र में दावा किया है कि यदि वर्तमान डीएफओ के कार्यकाल में हुए सभी कार्यों की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई सनसनीखेज खुलासे सामने आ सकते हैं।

उन्होंने वन विभाग के सचिव से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इस मामले को लेकर वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में चर्चा का बाजार भी गर्म है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.