84 दिनों से हड़ताल पर मनरेगा कर्मी, विधायक रामचंद्र सिंह को सौंपा ज्ञापन

लातेहार - पिछले 84 दिनों से हड़ताल पर बैठे मनरेगा कर्मियों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दरवाजा खटखटाया। कर्मियों ने पहले उपायुक्त से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की, वहीं बाद में जिलाध्यक्ष मेराजुल हक के नेतृत्व में परिसदन पहुंचकर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। हड़ताली मनरेगा कर्मियों ने मानदेय में वृद्धि, सेवा सुरक्षा तथा लंबित मांगों पर सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई। कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वे कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं और उनकी नौकरी की सुरक्षा को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक रामचंद्र सिंह ने कर्मियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हर संभव प्रयास करेंगे ताकि मनरेगा कर्मियों की मांगों पर उचित कार्रवाई हो सके और उन्हें राहत मिल सके।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मी उपस्थित थे। साथ ही कांग्रेस के युवा जिलाध्यक्ष अमित यादव समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। हड़ताली कर्मियों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग दोहराई।

रिपोर्टर - बबलु खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.