दलित-आदिवासी परिवारों को जमीन से बेदखल करने का आरोप
लातेहार - हेरहेंज थाना क्षेत्र के चुक्कू गांव स्थित नवाटांड-नवाटोली के निवासी रामवृक्ष भुईयाँ एवं अन्य ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दलित एवं आदिवासी (गंझू) समुदाय के लोगों को उनकी वर्षों से काबिज भूमि से जबरन बेदखल करने का आरोप लगाया है। मामले में अखिलेश यादव समेत 30 से अधिक लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार 30 मई 2026 की शाम करीब चार बजे नामजद लोगों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों के टोला में पहुंचे और कथित रूप से पीढ़ियों से काबिज भूमि पर वृक्षारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई शुरू कर दी। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना के समय वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था और न ही विभाग की ओर से किसी प्रकार की सूचना या नोटिस दी गई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि यह कृत्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, कथित अतिक्रमण से भूमि को मुक्त कराने तथा दलित-आदिवासी परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति होने पर संबंधित लोगों को जिम्मेदार माना जाएगा। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.