केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने एसआईआर और बीएलओ-2 की भूमिका पर दिया विशेष प्रशिक्षण

लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) लातेहार जिला इकाई की ओर से शनिवार को टाउन हॉल में बूथ स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों तथा बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने की। प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत झामुमो संस्थापक दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में विनोद पांडेय ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों के प्रति सजग और सक्रिय रहने की आवश्यकता है। उन्होंने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) एवं बीएलओ-2 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा पात्र मतदाताओं को जागरूक करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झामुमो की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने तथा जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की क्षमता का विकास करना और उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों के प्रति और अधिक जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रियता से ही पार्टी का जनाधार मजबूत होगा।
प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता एवं युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति को धार देने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 
मौके पर केंद्रीय उपाध्यक्ष वैद्यनाथ राम, जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव, जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, जिला सचिव बुद्धेश्वर उरांव, समशूल होदा, , प्रभात कुमार, विशाल कुमार, अंकित पांडेय, मो कामरान सौरभ श्रीवास्तव मनोज यादव  नौशाद आलम अंकित तिवारी अहद खान पवन गुप्ता मनीष गुप्ता चांदो रोहित अग्रवाल उर्फ जॉनी  बिलाषी टोपनो जुनेद अनवर मनोज चौधरी सुशील यादव रीना देवी आदि मौजूद थे.

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.