व्यवसायियों के साथ पुलिस की सुरक्षा बैठक, सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

बालूमाथ : बालूमाथ थाना क्षेत्र में बैंकिंग संस्थानों, सीएसपी केंद्रों एवं ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधक, सीएसपी संचालक तथा ज्वेलरी व्यवसायी शामिल हुए। इस दौरान झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक बालूमाथ, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक एवं आईसीआईसीआई बैंक के शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने संस्थानों से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था एवं समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा। वहीं सीएसपी संचालकों और ज्वेलरी व्यवसायियों ने भी सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव साझा किए। बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश सिंह ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंक एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।वहीं थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और वित्तीय एवं व्यावसायिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की। बैठक का मुख्य उद्देश्य बैंक ग्राहकों, सीएसपी संचालकों एवं ज्वेलरी व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना रहा।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.