बारियातू में दो मासूम चचेरी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

 लातेहार : लातेहार जिले के बारियातू थाना क्षेत्र के अमरवाड़ीह पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव स्थित हगनी गढ़ा में डूबने से गुरुवार को दो मासूम चचेरी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे घर से खेलने के लिए दोनों बहनें निकली थीं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि दोनों बच्चियां गांव के हगनी गढ़ा में डूबी हुई हैं।

सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बच्चियों को गढ़ा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृत बच्चियों की पहचान कामेश्वर गंझू की 11 वर्षिय पुत्री प्रियंका कुमारी तथा मनोज गंझू की 09 वर्षिय पुत्री संजू कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रियंका प्राथमिक विद्यालय बनवार में कक्षा पांचवीं की छात्रा थी, जबकि संजू कुमारी कक्षा तीसरी में अध्ययनरत थी। दोनों बच्चियां आपस में चचेरी बहन थीं और साथ-साथ खेला करती थीं। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का अपने कब्जे में करते हुए पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर, एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से बरवाडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि दोनों बच्चियां काफी मिलनसार और पढ़ाई में रुचि रखने वाली थीं। उनकी असामयिक मौत से पूरा गांव में मातम है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार उक्त हगनी गढ़ा में इंट बनाने के लिए मिट्टी की खुदाई कर कुआँ नुमा बनाया गया था जिसकी जानकारी हम ग्रामीणों व बच्चीयों को नहीं थी। बीते दिन हुई बारिश से कुआँ नुमा बनाया गया गढ़ा लबालब भर गया था। जहाँ दोनों बच्ची खेलते खेलते गढ्ढे में समा गई और मौत हो गया। ग्रामीणों ने उपायुक्त से जांच कर गढ्ढे बनाने वाले पर कारवाई करते हुए गढ्ढे को भरवाने एवं उचित मुआवजा देने की मांग किया है।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.