मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं, 2029 में झारखंड में बनेगी भाजपा सरकार : रघुवर दास

चंदवा : पलामू प्रमंडल प्रवास के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास का चंदवा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता के आवास पर लातेहार विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इन वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में झारखंड में भी भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी।
रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बालू, कोयला और पत्थर जैसी खनिज संपदाओं की लूट मची हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की जनता को ठगने का काम किया गया है और अब जनता इस सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा या भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं और डबल इंजन सरकार के कारण विकास की गति तेज हुई है।
उन्होंने लातेहार विधायक प्रकाश राम और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। वहीं अमित कुमार गुप्ता को समर्पित और जुझारू कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पहले राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है और देश की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करता है।इस मौके पर सीसीएल के सीएसआर फंड से 30 महिलाओं के बीच सिलाई मशीन का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रकाश राम ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत कई बड़ी कंपनियां सीएसआर फंड के माध्यम से विकास कार्यों में अपेक्षित योगदान नहीं दे रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनियां क्षेत्र के विकास के लिए आगे नहीं आईं तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष बंसी यादव, पूर्व विधायक हरेकृष्ण सिंह, लाल कौशल नाथ शाहदेव, अमित कुमार गुप्ता, महेंद्र प्रसाद साहू, आशीष कुमार सिंह, रिकी वर्मा, अखिलेश गुप्ता, विजय कुमार दुबे, आदर्श रवि राज, नवाहिर उरांव, राकेश दुबे, धनेश प्रसाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.