मड़मा गांव में जंगली हाथियों का उत्पात, कई घरों को तोड़ा, अनाज किया बर्बाद
लातेहार : महुआडांड़ (लातेहार)। बरवाटोली पंचायत के सुदूरवर्ती गांव मड़मा में जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बीती रात हाथियों के झुंड ने गांव निवासी मुन्ना उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में बरसात के लिए रखे गए करीब एक क्विंटल से अधिक चावल को खा लिया तथा शेष चावल को बिखेरकर बर्बाद कर दिया। हाथियों ने घर में रखे धान को भी बाहर निकालकर चारों ओर फैला दिया।पीड़ित मुन्ना उरांव ने बताया कि इससे पहले भी जंगली हाथी उनके घर को नुकसान पहुंचा चुके हैं। साथ ही खेतों में लगी फसलों को भी भारी क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए नुकसान के बाद भी प्रशासन से कोई ठोस सहायता नहीं मिली। इस बार भी यदि वन विभाग से मदद नहीं मिलती है तो बरसात के दिनों में परिवार के सामने खाद्यान्न संकट खड़ा हो जाएगा।ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने दीपक उरांव और मनोज उरांव के घरों को भी नुकसान पहुंचाया है। लगातार हो रहे हमलों से गांव के लोग भय और चिंता के माहौल में जी रहे हैं। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से समाचार माध्यमों के जरिए वन विभाग और प्रशासन से शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के बढ़ते आतंक से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में वन विभाग को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के साथ-साथ हाथियों के गांव में प्रवेश को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.