लोकतंत्र के प्रहरियों के घर पहुँचकर भाजपा नेताओं ने किया सम्मान
लातेहार : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री वंशी यादव के नेतृत्व में आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लातेहार के मांजर गांव का दौरा किया। इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आपातकाल (1975-77) के दौरान लोकतंत्र की रक्षा हेतु जेल की यातनाएं सहने वाले 'लोकतंत्र सेनानी' श्री सुरेश सिंह और श्री मन बहाल सिंह के घर जाकर उन्हें सम्मानित किया।
आपातकाल के कड़वे अनुभवों को किया साझा इस भेंट के दौरान,श्री सुरेश सिंह और श्री मन बहाल सिंह ने आपातकाल के उस दौर के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया था। उन्होंने जेल में बंद रहने के दौरान झेली गई अमानवीय परिस्थितियों और यातनाओं को याद करते हुए बताया कि उस समय विरोध की आवाज उठाने वालों को किस तरह प्रताड़ित किया गया था। नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं ये सेनानी जिला अध्यक्ष श्री वंशी यादव ने कहा कि आज हमें जो अभिव्यक्ति की आजादी मिली है, वह उन लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग की देन है,जिन्होंने तानाशाही के विरुद्ध लड़ाई लड़ी। उन्होंने उनके घर जाकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश दुबे,वरिष्ठ भाजपा नेता श्री गणेश प्रसाद,जिला महामंत्री श्री छोटू राजा और जिला मंत्री श्री ध्रुव कुमार पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की कामना की।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.