मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, लातेहार में निकला फ्लैग मार्च

लातेहार : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लातेहार जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला मुख्यालय में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मोहर्रम को लेकर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी नंदकुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है तथा जिले में मोहर्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.