लातेहार पहुंचे झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, कहा– जल्द होगी जनसुनवाई
लातेहार : झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू शनिवार को लातेहार परिसदन भवन पहुंचे, जहां अंजुमन इस्लामिया लातेहार के अध्यक्ष आफताब आलम के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान आयोग के उपाध्यक्ष ने जिले के अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष आफताब आलम ने लातेहार जिले में अल्पसंख्यक छात्रावास (हॉस्टल) एवं अस्पताल की स्थापना की मांग रखते हुए कहा कि जिले के अल्पसंख्यक समुदाय को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता है।
मीडिया से बातचीत करते हुए आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि उनके लातेहार आगमन का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक आयोग के अंतर्गत आने वाले सभी समुदायों से मिलना, उनकी समस्याओं को समझना तथा सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर आकलन करना है। उन्होंने कहा कि आयोग केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राप्त मामलों का अध्ययन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी दिन सुबह 10:30 बजे पलामू में आयोजित राज्य स्तरीय बौद्ध सम्मेलन में भाग लेने जाना है। उसी क्रम में उन्होंने लातेहार में रुककर यहां के लोगों से संवाद किया और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ किन लोगों तक पहुंचा है और कौन अब भी इससे वंचित हैं। ऐसे मामलों को चिन्हित कर आयोग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि आयोग निकट भविष्य में लातेहार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए गंभीर है। पहले छोटे विद्यालयों में कम संख्या में बच्चे पढ़ते थे, लेकिन अब विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने से अतिरिक्त कक्षाओं और आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है। आयोग ने सरकार से मांग की है कि जिन विद्यालयों में जरूरत है वहां अतिरिक्त क्लासरूम का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
उन्होंने मदरसों के आधुनिकीकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि आयोग का प्रयास है कि आने वाले समय में मदरसों को हाईटेक बनाया जाए। वहां उर्दू और फारसी की शिक्षा के साथ-साथ सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित, कंप्यूटर और अन्य आधुनिक विषयों की भी बेहतर व्यवस्था हो, ताकि वहां पढ़ने वाले बच्चे भी मुख्यधारा की शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है और आयोग इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
मौके पर उपस्थित थे आफताब आलम अंजुमन इस्लामिया जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रदेश सचिव, पंकज तिवारी जी कांग्रेस मिडिया प्रभारी,हरिशंकर यादव विधायक प्रतिनिधि,साजन कुमार,अख्तर हुसैन,रब्बानी हुसैन वाजिद अंसारी, , सुनील प्रसाद, मनोज पासवान,हस्मत अंसारी, अफरोज जी मौजूद थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.