ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत छात्राओं ने जराम गांव का किया सर्वे

लातेहार : झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत शनिवार, 4 जुलाई 2026 को अनुप्रिया कुमारी के नेतृत्व में छात्राओं की टीम ने लातेहार जिले के हेड पोचरा पंचायत अंतर्गत जराम गांव का भ्रमण कर ग्रामीण नवाचार एवं पारंपरिक ज्ञान का अध्ययन किया।

टीम में रानी कुमारी, प्रीति कुमारी और नेहा कुमारी शामिल थीं। छात्राओं ने गांव के विभिन्न घरों में जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और इंजीनियरिंग नवाचार, कृषि की नई तकनीकों, वन उत्पादों के उपयोग, पारंपरिक औषधीय ज्ञान, पौधों की सुरक्षा के स्थानीय उपाय, हस्तशिल्प तथा सामुदायिक संसाधनों के प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी एकत्र की।

सर्वेक्षण के दौरान विशेष रूप से पारंपरिक औषधीय पौधों के गुणों, उनके उपयोग तथा ग्रामीण समाज को मिलने वाले लाभों पर विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। टीम ने ग्रामीणों के अनुभवों और वर्षों से चली आ रही पारंपरिक तकनीकों का दस्तावेजीकरण भी किया, ताकि स्थानीय नवाचारों को पहचान मिल सके और भविष्य में उनके संरक्षण एवं विकास की दिशा में कार्य किया जा सके।

इस अवसर पर बनवारी शाहू महाविद्यालय, लातेहार के मेंटर नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि टीम पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ गांवों में जाकर जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राओं का यह प्रयास ग्रामीण नवाचार और पारंपरिक ज्ञान को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने टीम के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का अध्ययन स्थानीय प्रतिभा और ज्ञान को पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.