"भुइयां समाज की महापंचायत में संगठनात्मक एकजुटता का संकल्प
लातेहार : शहर के जुबली चौक स्थित कर्निवाल्स होटल में रविवार को भुइयां समाज की जिला स्तरीय महापंचायत का भव्य आयोजन किया गया। महापंचायत में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक एकजुटता बढ़ाने तथा शिक्षा और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए ठोस पहल करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेंद्र भुइयां ने की, जबकि मंच संचालन तुलसी भुइयां ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता और संगठन होता है। यदि समाज संगठित रहेगा तो हर चुनौती का सामना मजबूती से किया जा सकता है।
उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से अपील करते हुए कहा कि प्रतिदिन एक मुट्ठी चावल और एक रुपया समाज के नाम अलग रखा जाए। उन्होंने बताया कि इस छोटे से सहयोग से भविष्य में एक मजबूत सामाजिक कोष तैयार होगा, जिसका उपयोग गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद, बच्चों की शिक्षा, शादी-विवाह और आपातकालीन परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
महापंचायत में संगठन के विस्तार, गांव-गांव तक नई समितियों के गठन, युवाओं को संगठन से जोड़ने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर विकास और एकता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में लातेहार प्रखंड अध्यक्ष रंजन भुइयां, बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र भुइयां, छिपादोहर प्रखंड अध्यक्ष दीनानाथ भुइयां, मनिका प्रखंड अध्यक्ष नारायण भुइयां, युवा जिला अध्यक्ष रंजीत भुइयां, उपाध्यक्ष रामसुंदर, सचिव अंतू भुइयां, कोषाध्यक्ष कृष्णा भुइयां, विमल भुइयां सहित समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित रहे।
महापंचायत का समापन समाज की एकजुटता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग और मजबूत संगठन के बल पर भुइयां समाज आने वाले समय में सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित करेगा।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.