दिल्ली के जंतर-मंतर पर लोकतंत्र का गला घोंटा गया, छात्रों पर लाठी और आंसू गैस चलाकर भाजपा सरकार ने तानाशाही का परिचय दिया”
लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा नेता सौरभ श्रीवास्तव ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि “जंतर-मंतर पर लोकतंत्र का गला घोंट दिया गया और भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का खुलेआम दमन किया।”
मीडिया से बातचीत करते हुए सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जिस समय भारत को विश्वगुरु और वैश्विक महाशक्ति बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, उसी समय देश के छात्र शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और न्याय की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से एकत्रित होते हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, आंसू गैस के गोले छोड़े जाते हैं और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य किसी लोकतांत्रिक राष्ट्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
सौरभ ने कहा कि हाल के दिनों में सामने आए NEET पेपर लीक मामले और उससे उपजे व्यापक जनाक्रोश के बीच छात्र अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहते थे। उनके अनुसार, यदि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था तो सरकार को संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधियों को जंतर-मंतर पहुंचकर छात्रों की बात सुननी चाहिए थी, लेकिन इसके विपरीत पुलिस बल का प्रयोग किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं सहित बड़ी संख्या में छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए। सौरभ ने कहा कि इस घटना ने पूरे देश और दुनिया के सामने भारत की लोकतांत्रिक छवि पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति को दबाने की नहीं, बल्कि सुनने की परंपरा होनी चाहिए। यदि छात्र अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल उठा रहे हैं तो उन्हें अपराधी की तरह नहीं, बल्कि देश के भविष्य के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल छात्रों का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का भी प्रश्न है।
सौरभ ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगे और लातेहार में एक बड़े सांकेतिक विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तिथि और रूपरेखा जल्द ही मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।
उन्होंने अंत में कहा कि “लोकतंत्र में जनता की आवाज को लाठी और आंसू गैस से नहीं दबाया जा सकता। छात्रों की आवाज जितनी दबाई जाएगी, उतनी ही बुलंद होकर उठेगी।
सौरभ ने कहा कि जल्द ही पार्टी के लातेहार जिला अध्यक्ष और शीर्ष नेताओं से बात करके लातेहार में इस विषय पर ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन के रूपरेखा भी तैयार की जाएगी.
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.