लातेहार टाउन हॉल में ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बिखेरा जलवा

लातेहार/चंदवा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विगत 15 अगस्त की संध्या लातेहार के टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, चंदवा के विद्यार्थियों ने शानदार सहभागिता करते हुए अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न उत्कृष्ट विद्यालयों की भागीदारी रही, जिसमें चंदवा से ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल का चयन विशेष रूप से किया गया था।

लातेहार टाउन हॉल में स्वतंत्रता दिवस की संध्या आयोजित होने वाला यह सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बेहद कम समय में तैयार की गई अपनी प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम में विशेष छाप छोड़ी।

विद्यालय के छात्रों की प्रस्तुति को जिले के पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, ऊर्जा, अनुशासन और शानदार मंच प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। विद्यालय की नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रही।

प्रस्तुति की सफलता के बाद विद्यालय को भविष्य में भी ऐसे जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए आमंत्रित किए जाने का आश्वासन मिला। इससे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री हिमांशु सिंह ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत कम समय में बच्चों ने जिस लगन और मेहनत के साथ प्रस्तुति की तैयारी की और उसे मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत तथा शिक्षकों के समर्पित प्रयासों को दिया।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती कदंबरी सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल हमेशा से विद्यार्थियों को अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय अभिभावकों से किए गए अपने वादों और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए तैयार करना है। विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, चंदवा के विद्यार्थियों की इस शानदार प्रस्तुति ने एक बार फिर साबित किया कि छोटे शहरों और कस्बों की प्रतिभाओं में भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.