किड्स हेवन सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने रक्षाबंधन पर महामहिम को बांधी राखी

लातेहार - रक्षाबंधन के पावन अवसर पर किड्स हेवन सेकेंडरी स्कूल, लहेरियासराय के बच्चों के लिए 28 अगस्त,रक्षाबंधन का दिन अविस्मरणीय बन गया। विद्यालय के बच्चों ने प्राचार्य अनिल कुमार मिश्र तथा शिक्षिकाओं मधु कुमारी एवं रूशदा रहमान के साथ बिहार लोक भवन पहुँचकर महामहिम को राखी बांधी और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।बच्चों में लक्ष्मी कुमारी,आरोही झा,श्रेया सिंह,सोनाक्षी मिश्रा,पलक कुमारी एवं तृषा झा उपस्थित थीं।

बच्चों ने जब महामहिम की कलाई राखी बांधी तो वातावरण आत्मीयता से भर उठा। महामहिम ने भी बच्चों के साथ बेहद सहज एवं आत्मीय भाव से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और विद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर बातें कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपना आशीर्वाद दिया। महामहिम के साथ संवाद का अवसर पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। लोक भवन में लगभग दो घंटे तक बच्चों ने हर्ष और उल्लास के साथ समय बिताया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। महामहिम से हुई मुलाकात उनके लिए केवल एक औपचारिक भेंट नहीं,बल्कि जीवनभर संजोकर रखने वाली एक सुखद स्मृति बन गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं बल्कि प्रेम,विश्वास,स्नेह और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व है। महामहिम से बच्चों की यह आत्मीय मुलाकात उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने वाली है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्तित्व से मिलने और सीधे संवाद करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। महामहिम का स्नेह और आशीर्वाद बच्चों के मन में लंबे समय तक एक प्रेरणादायी स्मृति के रूप में बना रहेगा। विद्यालय परिवार ने महामहिम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोक भवन में बिताए गए ये दो घंटे बच्चों के जीवन की उन अनमोल स्मृतियों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें वे लंबे समय तक अपने हृदय में संजोकर रखेंगे। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन श्री अमन कुमार पाठक ने विद्यालय के प्राचार्य,शिक्षक एवं बच्चों को बधाई दी।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.