हाईवा से उड़ते धूलकण और जाम से परेशान व्यवसायी, एक सप्ताह में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
लातेहार - बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल परिसर में रविवार को बालूमाथ व्यावसायिक संघ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों ने भाग लिया। इस दौरान मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाले कोयला लदे हाईवा और ट्रकों से उत्पन्न धूलकण, सड़क पर बने गड्ढों और आए दिन लगने वाले जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यवसायियों ने बताया कि तुबेद कोलियरी के साथ-साथ तेतरियाखाड और मगध कोलियरी से निकलने वाले हाईवा व ट्रक बालूमाथ मुख्य बाजार से होकर गुजरते हैं। भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क कई स्थानों पर जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। वहीं वाहनों के आवागमन से उड़ने वाले धूलकण से आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी काफी परेशानी हो रही है। व्यवसायियों का कहना है कि धूल के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। व्यवसायियों ने कहा कि सड़क जाम के कारण घंटों आवागमन बाधित रहता है, जिसका सीधा असर उनकी दुकानदारी पर पड़ रहा है।धूल के कारण ग्राहक दुकानों पर आने से भी कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। समस्या के समाधान को लेकर व्यवसायिक संघ ने बालूमाथ अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर धूलकण पर नियंत्रण, सड़क के गड्ढों की मरम्मत तथा जाम से निजात दिलाने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो व्यवसायी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।बैठक में मो० तौफीक, गुड्डू साव, राम लखन प्रसाद, सलमान फारसी, मो० जुबैर, मो० जसीम आलम, रूपलाल महतो, बबलू कुमार, संतोष गैस दुकान, मोनू कुमार, अतीक अंसारी, संजय यादव, गुड्डू कुमार, आशीष गुप्ता, देवनंदन प्रसाद, मनोहर प्रसाद, बिरेंद्र प्रसाद, मो० अरशद, मो० अशफाक, एजाज अहमद, अनिल कुमार, सुजीत कुमार, टीपू खान, तैयब अंसारी, शमशाद आलम, मो० इमरान, सरवन गुप्ता, मो० इरशाद, दिलीप साहू, इरफान आलम समेत कई व्यवसायी मौजूद थे।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.