खनिज अधिकारों पर केंद्र के शिकंजे का विरोध, गारू में झामुमो ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

लातेहार : खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गारू प्रखंड इकाई ने रविवार को प्रखंड प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए राज्य के संवैधानिक अधिकारों, वित्तीय स्वायत्तता तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।

झामुमो नेताओं ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी धरती, जंगल, पहाड़, नदियों और खनिज संपदा से जुड़ी है। आदिवासी एवं मूलवासी समाज के लिए ये संसाधन केवल आर्थिक संपदा नहीं, बल्कि संस्कृति, पहचान और अस्तित्व का आधार हैं। नेताओं ने कहा कि एमएमडीआर अधिनियम में किए गए संशोधनों को लेकर राज्य के लोगों के बीच गंभीर चिंता है।

ज्ञापन में संशोधन के तहत एमएमडीआर अधिनियम में जोड़ी गई धारा 1डी का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इसके माध्यम से राज्यों के खनिज अधिकारों तथा खनिज संबंधी उपकर एवं अन्य लेवी लगाने की शक्तियों को केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के अधीन किए जाने का प्रावधान है। झामुमो नेताओं ने आशंका जताई कि इससे राज्यों के संवैधानिक अधिकार और संघीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि खनिज संपदा से प्राप्त राजस्व झारखंड जैसे खनिज बहुल राज्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। राज्यों के अधिकारों में कमी आने से राज्य की आर्थिक स्थिति, विकास योजनाओं और स्थानीय समुदायों के हित प्रभावित हो सकते हैं। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से झारखंड सहित अन्य खनिज संपन्न राज्यों के अधिकारों तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।

ज्ञापन सौंपने वालों में झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य सह जिला परिषद सदस्य जीरा देवी, प्रखंड अध्यक्ष तौकीर मियां, जिला अध्यक्ष लाल मोती साहदेव, प्रखंड सचिव अजय टोप्पो, प्रखंड कोषाध्यक्ष रामदेव उरांव, किसान मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सत्येंदर उरांव, प्रखंड संगठन सचिव देवमुन सिंह, प्रखंड सह सचिव भीम नाथ सिंह, प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज उरांव, प्रखंड सदस्य प्रकाश बखला एवं बिमल कुजूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर  : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.