विस्थापित ग्रामीणों ने नौकरी-मुआवजा व रोजगार की मांग उठाई
बालूमाथ : मगध कोलियरी के आरा गांव स्थित वर्कशॉप के समीप रविवार को आरा, चमातू, फूलबसिया, अमरवाड़ीह, गोलीटांड, ओजा, तिलैयाटांड व हहरुआ समेत विस्थापित गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें नौकरी, मुआवजा, पुनर्वास, रोजगार और ट्रक भाड़ा समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि विस्थापितों की बैठक प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाती है। बैठक में निर्णय लिया गया कि बालूमाथ और चंदवा रेलवे साइडिंग के अलावा अन्य स्थानों पर कोयला हाईवा मोड़ से नहीं भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने 1962 में सीसीएल द्वारा अधिग्रहित जमीन के बदले नौकरी-मुआवजा देने तथा जीएम जमीन के बदले नौकरी जल्द देने की मांग की। साथ ही विस्थापित गांवों में स्कूल और अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 1800 विस्थापित बेरोजगार हैं। बाहरी ट्रक मालिकों द्वारा रोजगार की मांग को रंगदारी बताने का ग्रामीणों ने खंडन किया और कहा कि वे अपने अधिकार, नौकरी, मुआवजा व पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। बैठक में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.